इटली में सीवेज टैंक में उतरे चार सिखों की मौत, पंजाब के रहने वाले चारों लोगों में से दो थे सगे भाई
रोम(हैडलाइन एक्सप्रेस ब्यूरो)उत्तरी इटली के एक डेयरी फार्म के सीवेज टैंक में उतरे भारतीय मूल के चार सिखों की मौत हो गई। आशंका जताई गई है कि वे गोबर की खाद बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले टैंक में बनी कार्बन डाइआक्साइड की चपेट में आ गए। चारों पंजाब के रहने वाले थे।
यह घटना गुरुवार को दक्षिणी मिलान के पाविया शहर के पास स्थित एरिना पो इलाके के एक डेयरी फार्म में हुई। मृतकों में प्रेम (48) और तरसेम सिंह (45) भाई थे, जो फार्म चला रहे थे। जबकि बाकी दो श्रमिक थे। उनकी पहचान अरमिंदर सिंह (29) और मनजिंदर सिंह (28) के रूप में की गई है।
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि खेतों में गोबर की खाद डालने के लिए टैंक को खाली करते समय एक श्रमिक उसमें फंस गया था। उसे बचाने के लिए तीनों लोग भी टैंक में उतरे थे। दोपहर के भोजन पर जब वे घर नहीं गए तो उनकी पत्नियां मौके पर पहुंचीं। उन्हें टैंक में एक का शव दिखा। उन्होंने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मचारियों ने मास्क लगाकर टैंक को खाली किया और सभी शवों को बाहर निकाला।
पाविया प्रांत में सबसे बड़ा डेयरी फार्म
इतालवी मीडिया में आई खबरों के अनुसार, दोनों भाइयों ने अपने डेयरी फार्म का 2017 में पंजीकरण कराया था। उनका डेयरी फार्म इटली के पाविया प्रांत में सबसे बड़ा माना जाता है।
इटली की कृषि मंत्री ने जताया दुख
इटली की कृषि मंत्री टेरेसा बेलानोवा ने सिखों की मौत पर शोक जताते हुए ट्वीट किया, ‘कार्यस्थल पर सुरक्षा का अपरिहार्य अधिकार है और हमें इसे सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रयास करने चाहिए।’