*👉🏻 चोरों ने फार्म हाउस को बनाया निशाना, सो रहे परिवार के बेडरूम के दरवाजे बाहर से बंद कर, दिया वारदात को अंजाम* *👉🏻 25 तोले सोना,नकदी व एयरगन चुराई, पढ़ें पूरी खबर सिर्फ हैडलाइन एक्सप्रेस पर 👇🏻*
जालंधर, 19 मई 2021-(प्रदीप भल्ला)-थाना लांबड़ा के अंतर्गत पड़ते गांव वडाला में स्थित एक फार्म हाउस को चोरों ने निशाना बना 25 तोले सोना, एक लाख रुपये की नकदी व एक एयर गन चुरा ली। घटना की जानकारी देते हुए फार्म हाउस के मालिक दिल शेर सिंह ने बताया कि उनका खेती का काम है और उसके इलावा रॉयल स्टंप क्रिकेट एकेडमी भी है।
वह रात 10:00 बजे खाना खाकर अपने-अपने कमरे में सोने के लिए चले गए। अचानक देर रात 2:45 बजे उन्हें आवाज आई तो वह बाहर देखने के लिए अपने बेडरूम से बाहर निकलने लगे। जैसे ही उन्होंने अपने बेडरूम का दरवाजा खोलना चाहा तो दरवाजा बाहर से बंद था। कोशिश करने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने अपने किसी परिचित को फोन किया और उन्हें फार्म हाउस में बुलाया। जब वह व्यक्ति आया तो उसने देखा कि सभी परिजनों के बेडरूम के दरवाजे बाहर से किसी कपड़े से बांधे हुए हुए थे ताकि कोई बाहर न निकल सके।
जिसके बाद उक्त व्यक्ति ने सभी दरवाजे खोले तो दिल शेर सिंह व उनके परिजन बाहर निकले और छानबीन की। दिलशेर सिंह ने देखा कि दूसरे कमरों में सामान बिखरा हुआ था। इसके बाद दिल शेर सिंह पिछली तरफ गए तो देखा पिछली तरफ की ग्रिल टूटी हुई थी। जिससे उन्हें पता चला कि घर में चोर घुसे थे। जब उन्होंने सामान की जांच की तो पता चला कि घर में पड़ा हुआ 25 तोले सोना, एक लाख रुपये की नकदी व एक एयरगन चोरी हो चुकी है। जिसके बाद उन्होंने कंट्रोल रूम में चोरी होने की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद थाना लांबड़ा की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
