कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच पंजाब के 24451 पोलिंग स्टेशनों पर मतदान शुरु

जालंधर : कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच पंजाब के 24451 पोलिंग स्टेशनों पर सुबह सात बजे वोट डालने का सिलसिला शुरु हो गया। पोलिंग स्टेशनों पर मतदान करवाने के लिए पोलिंग पार्टियां शाम को ही ईवीएम मशीनों को लेकर पहुंच गई थीं।
जालंधर में पोलिंग स्टेशन के बाहर लगी लाइन
सुबह छह बजे सभी मतदान केंद्रों पर मतदान करवाने के लिए आए स्टाफ ने मशीनों को चैक करने के लिए मोक पोल किया। इसके बाद सात बजे से वोटिंग करवानी शुरू कर दी । पंजाब में मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए मॉडल पोलिंग स्टेशन भी बनाए गए हैं। इन्हें बहुत अच्छे तरीके से टैंट लगाकर सजाया गया है और रेड कारपेट बिछाए गए हैं।
इतना ही मॉडल पोलिंग स्टेशनों पर गर्मी से राहत के लिए छबील का प्रबंध भी कई जगहों पर किया गया है। कुछ शहरी इलाकों में तो मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए खाने-पीने के स्टाल भी विशेष तौर पर लगाए हैं। महिलाओं के साथ आने वाले छोटे-छोटे बच्चों के मनोरंजन के लिए भी प्रबंध किए हैं।
कुल कितनी सीटों पर आज होगा मतदान?
देश के 7 राज्य और 1 केंद्र शासित प्रदेश की 57 सीटों पर आज वोट डाले जाएंगे। इनमें उत्तर प्रदेश की 13, पंजाब की 13, हिमाचल प्रदेश की 4, चंडीगढ़ की 1, झारखंड की तीन, बिहार की 8, ओडिशा की 5 और पश्चिम बंगाल की 9 सीटों के लिए मतदान होगा। वोटिंग के बाद 4 जून को मत की गिनती के साथ नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।
किन दिग्गजों की किस्मत दांव पर?
आज 7वें चरण की वोटिंग के साथ कई दिग्गजों की किस्मत भी दां पर लगी है। पीएम मोदी की वाराणसी सीट, हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से अनुराग ठाकुर, हिमाचल प्रदेश के मंडी से कंगना रनौत, पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर से ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक, बिहार के पाटलिपुत्र से मीसा भारती शामिल हैं।
पंजाब में सबसे ज्यादा उम्मीदवार
सातवें चरण में 904 उम्मीदवारों की प्रतिष्ठा दांव पर है. बता दें, कुल 904 उम्मीदवारों में से सबसे ज्यादा 328 उम्मीदवार पंजाब से हैं. दरअसल पंजाब की सभी 13 सीटों पर चुनाव हो रहा है. वहीं मतदान को देखते हुए पंजाब में केंद्रीय बलों के जवानों सहित करीब 70 हजार सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है. पंजाब में मतदान के लिए 1.20 लाख चुनाव कर्मियों को तैनात किया गया है. पंजाब में कुल 2,14,61,739 मतदाता हैं, जिनमें 1,12,86,726 पुरुष, 1,01,74,240 महिलाएं और 773 ट्रांसजेंडर शामिल हैं. पंजाब में 5,38,715 मतदाता 18 से 19 साल के आयु वर्ग के हैं, जो पहली बार मतदान करने के लिए पात्र हैं. गौरतलब है कि पंजाब में 2019 लोकसभा चुनाव में 65.96 फीसदी मतदान हुआ था.