भार्गव कैम्प थाना ने ट्रांसफार्मर से तांबा चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य पकड़े

जालंधर,24 मार्च-(प्रदीप भल्ला)-थाना भार्गव की पुलिस ने ट्रांसफार्मर से तांबा चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्य काबू किये हैं। थाना प्रभारी जीवन सिंह ने बताया कि एएसआई नारायण गौर ने गुप्त सूचना के आधार पर उदय नगर चौक नजदीक नाखा वाला बाग के पास नाकाबंदी की थी। इस दौरान उन को गुप्त सूचना मिली कि बिजली के ट्रांसफार्मर से तांबा चोरी कर बेचने की फिराक में दो युवक ऑटो में घूम रहे हैं। पुलिस ने शक के आधार पर ऑटो में आ रहे दो युवकों को रोका और तलाशी लेने पर ऑटो में से 16 किलो तांबे की तार मिली। ऑटो में बैठे लोगों की पहचान फिरोजपुर निवासी सुनील कुमार उर्फ फौजी और विक्की के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि दोनों करीब 3-4 साल से उदय नगर में किराए के मकान में रह रहे हैं। पिछले काफी समय से दोनों बिजली के ट्रांसफार्मर में से तांबे की तारें चोरी कर बेचते थे। उनके पास से ट्रांसफार्मर खोलने वाले औज़ार भी मिले हैं। दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी और पता किया जाएगा कि वह किन्हें चोरी का सामान बेचते थे। चोरी का सामान खरीदने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।



