*👉🏻 अवैध इमारतों के समर्थन में क्यों आ रहे हैं लीडर* *👉🏻 बस स्टैंड के पास निगम ने चलाई अवैध दुकानों पर डिच*
जालंधर,16 जून-(प्रदीप भल्ला)-निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू द्वारा निगम अधिकारियों की खिंचाई के बाद हरकत में आते हुए निगम टीम ने आज फिर से अवैध इमारतों पर डिच चला दी। बस स्टैंड के नज़दीक दोआबा मार्किट में बनी अवैध दुकानों को तोड़ने के लिए निगम टीम अपने लाव-लश्कर के साथ जैसे ही पहुंची तो कांग्रेसी पार्षद बंटी नीलकंठ निगम टीम के विरोध में सामने आ गए। बंटी नीलकंठ की अगुवाई में दुकानदारों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लेकिन थाना 6 के प्रभारी बिमलकांत ने पुलिस पार्टी के साथ लोगों को वहां से हटाया और निगम की कार्रवाई को जारी रखा। जिसके बाद निगम टीम ने दोआबा मार्किट में कुछ दुकानों को तोड़ा और कुछ दुकानों को सील कर दिया। इसके बाद निगम की डिच मशीनों ने मॉडल टाउन की तरफ रुख किया और इनोसेंट हार्ट स्कूल के पास बन रही एक अवैध इमारत पर कार्रवाई की। लेकिन एक बात सोचने वाली है कि अगर नवजोत सिंह सिद्धू भ्र्ष्टाचार को खत्म करना चाहते हैं तो अपनी ही पार्टी के नेता उनके खिलाफ क्यों खड़े हो रहे हैं। इससे तो यही साबित होता है कि नेताओं की छत्रछाया में ही अवैध निर्माण का कारोबार फल-फूल रहा है। इस कार्रवाई के दौरान प्रदर्शनकारियों ने मीडियाकर्मियों को भी काम करने से रोकने की कोशिश की और उनके साथ धक्कामुक्की की।अवैध इमारतों के खिलाफ यह कार्रवाई एटीपी लखबीर सिंह, इंस्पेक्टर निर्मलजीत सिंह वर्मा, अरुण खन्ना, सुषमा दुग्गल, व निगम के अन्य अधिकारियों के नेतृत्व में हुई।

