*👉🏻 हिंदू देवी-देवताओं की तस्वीर से छेड़छाड़ कर उसे अश्लील बनाकर व्हाट्सएप्प करने वाले भोजपुरी मॉडल की जमानत हुई रद्द*
जालंधर,5 जुलाई-(प्रदीप भल्ला)- हिंदू देवी-देवताओं की तस्वीर से छेड़छाड़ कर उसे अश्लील बनाकर लोगों को वाट्सएप करने वाले भोजपुरी फिल्मों के मॉडल की जमानत रद्द हो गई है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ह्यूमन राइट्स प्रोटेक्शन फ्रंट (रजि.) के चेयरमैन शशि शर्मा व राष्ट्रीय प्रधान राजीव शर्मा ने पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी थी। जिसमें लिखा गया था कि राजीव शर्मा को किसी अनजाने व्यक्ति ने हिंदू देवी-देवताओं की एडिट की हुई अश्लील फोटो व्हाट्सएप्प की है। जिससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई है। इसलिए जिस नंबर से फोटो भेजी गई है उस व्यक्ति का पता लगाकर उस पर सख्त कार्रवाई की जाए। इसी शिकायत के आधार पर थाना डिवीजन नंबर एक की पुलिस ने न्यू शीतल नगर में मोबाइल शॉप चलाने वाले विजय कुमार पुत्र वैद्यनाथ को धारा 295 ए, 66 ए आईटी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। आरोपी ने जमानत के लिए माननीय अदालत में अर्जी लगाई थी। लेकिन शिकायतकर्ता के वकील सौरव गुप्ता की दलील सुनने के बाद माननीय अदालत ने आरोपी की जमानत रद्द कर दी। वकील सौरव गुप्ता ने माननीय जज से कहा कि आरोपी भोजपुरी फिल्मों में मॉडलिंग करता है और यह बिहार से पंजाब में आया है। इसने सोची समझी साजिश के तहत पंजाब का माहौल खराब करने की नीयत से हिंदू देवी-देवताओं की फोटो से छेड़छाड़ कर उसे अश्लील बनाकर सैकड़ों लोगों को व्हाट्सप्प द्वारा भेजा है। इसलिए ऐसे आरोपी को जमानत ना देकर सख्त से सख्त सजा दी जाए। इन्हीं दलीलों को सुनने के बाद माननीय जज साहब ने आरोपी की जमानत रद्द कर दी है।

