*👉🏻 आढ़ती के मुंशी से लूट करने वाला निकला मकसूदां मंडी का पुराना कर्मचारी*
जालंधर,18 सितम्बर-(प्रदीप भल्ला/हरदीप सिंह बब्बू)-बीते दिनों मकसूदां मंडी में आढ़ती के मुंशी से लूट करने वालों का सरगना मंडी का पुराना कर्मचारी ही निकला। पत्रकारों से बातचीत करते हुए एडीसीपी-1 परमिंदर सिंह भंडाल ने बताया कि बलदेव राज नामक व्यक्ति जोकि मकसूदां मंडी में फ्रूट व्यापारी का मुंशी है। उससे 10 सितम्बर को बाइक सवार तीन लुटेरे रुपयों का बैग छीन कर फरार हो गए थे। जिसकी सूचना थाना एक कि पुलिस को मिलते ही वह मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई थी। बलदेव राज ने पुलिस को बयान दिए थे कि लुटेरे उससे 2 लाख 13 हज़ार की नकदी लूट ले गए हैं। एसीपी नवनीत सिंह माहल की अगुवाई में थाना एक और स्पेशल आपरेशन सेल के प्रभारी नवदीप सिंह ने इलाके में लगे सीसीटीवी की जांच की तो उसमें पता चला कि लूट को अंजाम देने के बाद लुटेरे राहुल कत्याल उर्फ साबी पुत्र बूटा राम निवासी न्यू ज्वाला नगर से मिले और अलग-अलग बाइक पर वहां से चले गए। जांच करने पर पता चला कि राहुल पहले 5-6 साल मकसूदां मंडी में ही काम कर चुका है। उसकी मंडी के हर आढ़ती से जान-पहचान है और सब के आने जाने के टाइम के बारे में भी उसे पता था। राहुल ने ही पहले बलदेव राज की रेकी की और अपने साथियों को वारदात को अंजाम देने के बारे में कहा। वारदात को अंजाम देने के बाद राहुल और तीनों लुटेरे वरियाणा पहुंचे। जहां पर उन्होंने बैग से रुपये निकाल गिने तो वह एक लाख 70 हज़ार थे। सभी ने आपस में 40-40 हज़ार रुपये बांट लिए और दस हज़ार रुपये नशा खरीदने के लिए रख लिए। इंस्पेक्टर नवदीप सिंह और थाना एक कि पुलिस ने राहुल को काबू कर उससे साथियों के बारे में पता किया। जिसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को अलग-अलग जगहों से काबू कर उनके पास से एक लाख 55 हज़ार रुपये की नकदी और दो बाइक बरामद कर लिए। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पलविंदर सिंह उर्फ लाडी पुत्र महिंदर सिंह निवासी बेगोवाल ज़िला कपूरथला,मंगत राम उर्फ बंटी पुत्र सुरिंदर सिंह निवासी बेगोवाल ज़िला कपूरथला व परमजीत सिंह उर्फ पम्मा पुत्र राम लुभाया निवासी ज्वाला नगर के रूप में हुई है। पूछताछ में मंगत राम और परमजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने 8 सितम्बर को टैगोर पार्क से एक महिला व पुरुष से सोने की चेन और सोने का कढ़ा छीना था। पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ करेगी ताकि और भी मामले हल हो सके।


