*👉🏻 अमरूद गैंग के चार सदस्य असलहे सहित काबू*
जालंधर,18 अक्तूबर-(प्रदीप भल्ला)-थाना लांबड़ा की पुलिस ने असलहा व चोरी के सामान सहित अमरुद गैंग के चार सदस्यों को काबू किया है। जबकि गैंग का सरगना अमृतपाल उर्फ अमरुद फरार हो गया है। जानकारी देते हुए एसएसपी नवजोत सिंह माहल ने बताया कि थाना लांबड़ा के प्रभारी पुष्पबाली को सूचना मिली थी कि कुछ लोग पुआरा नहर से गाखलां पुली की तरफ जाती सड़क पर स्थित एक भट्ठे पर बैठे हुए है और किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी पुष्पबाली ने पुलिस पार्टी सहित उक्त जगह पर छापेमारी कर चार व्यक्तियों को काबू कर लिया। जबकि एक व्यक्ति भागने में सफल हो गया।मौके से पुलिस को एक जेन कार भी बरामद हुई। जिसके अंदर से पुलिस को एक पिस्तौल 315 बोर व तीन कारतूस, एक पिस्तौल 12 बोर व एक कारतूस, एक वेल्डिंग मशीन, एक एलईडी, 10 मोबाइल, 25 नशीले इंजेक्शन, 200 नशीली गोलियां, एक दातर व एक बेसबैट बरामद हुआ है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुरजीत सिंह उर्फ मिट्ठा (38) पुत्र बलवीर सिंह निवासी गाखल, सिकंदर उर्फ खन्दू (26) पुत्र सोहन लाल निवासी गाखल, हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी (21) पुत्र सरबजीत निवासी गाखल और हैरिस उर्फ सोनू (32) पुत्र आबाद मसीह निवासी नंदनपुर मकसूदां के रूप में हुई है। जबकि आरोपियों का सरगना व गैंग लीडर अमृतपाल उर्फ अमरुद पुत्र तरसेम सिंह निवासी गाखल भागने में सफल हो गया। जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। पकड़े गए आरोपियों पर पहले भी लूटपाट और चोरियों के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों पर मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
