*👉🏻 पीआरटीसी की बस में सवार व्यक्ति से लाखों की नकदी बरामद*
जालंधर,18 अक्तूबर-(प्रदीप भल्ला)-थाना फिल्लौर की पुलिस ने 22 लाख 45 हज़ार 900 रुपये की नकदी सहित एक व्यक्ति को काबू किया है। जानकारी देते हुए एसएसपी नवजोत सिंह माहल ने बताया कि पुलिस ने देर रात से सुबह तक सतलुज ब्रिज फिल्लौर,कावां वाला पत्तन शाहकोट,गिदड़ पिंडी पुल थाना लोहियां पर विशेष नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान पुलिस पार्टी ने सुबह 5 बजे सतलुज ब्रिज पर पीआरटीसी की एक बस को रोक कर सवारियों के सामान की तलाशी शुरू की। तलाशी दौरान पुलिस पार्टी ने बस में सवार हरपाल सिंह उर्फ पाला पुत्र भान सिंह निवासी फुलेवाल थाना सदर कपूरथला के बैग की जांच की तो उसमें से 22 लाख 45 हज़ार 900 रुपये की नकदी बरामद हुई। जिसके बारे में हरपाल सिंह कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाया। थाना फिल्लौर के प्रभारी सुरजीत सिंह ने आरोपी पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। पकड़ी गई करंसी में 2000 के 873, 500 के 988, 200 के 19 और 100 रुपये के 21 नोट थे।



