*👉🏻 मोहल्ला लतीफपुरा में क्यों हुई पत्थरबाजी, पढ़ें पूरी खबर*
जालंधर,15 जनवरी 2019-(प्रदीप भल्ला)- मॉडल टाउन के साथ लगते मोहल्ला लतीफपुरा में सूर्य की पहली किरण निकलते ही भारी पुलिस बल देख इलाका निवासी दंग रह गए। भारी पुलिस बल इसलिए तैनात की गई थी, क्योंकि आज

इंप्रूवमेंट ट्रस्ट द्वारा मोहल्ला लतीफ पुरा पर हुए 70 करोड रुपए के कब्जों को खाली करवाना था। इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन दीपर्वा लाकड़ा ने कब्जे खाली करवाने के लिए पुलिस कमिश्नर से फोर्स की मांग की थी। जैसे ही लोगों ने पुलिस बल को देखा तो वह गुस्से में आ गए और धीरे धीरे कर सभी लोग सड़कों पर उतर आए। एडीसीपी-2 डी. सुडरविली की अगुवाई एसीपी नवीन, थाना मॉडल टाउन के प्रभारी
ओंकार सिंह बराड़, थाना भार्गव कैम्प के प्रभारी बरजिंदर सिंह सहित कई थानों की पुलिस मौके पर मामले को संभालने के लिए तैयार थी। गुस्से में आए हुए लोगों को समझाने के लिए नगर निगम, इंप्रूवमेंट ट्रस्ट व पुलिस के उच्च अधिकारियों ने काफी कोशिश की। इतनी ही देर में मॉडल टाउन की तरफ के अवैध कब्जों को निगम की डिच मशीन ने तोड़ना शुरू कर दिया। जैसे ही कब्ज़े गिराने की बात लोगों को पता चली तो वह हिंसक हो उठे और उन्होंने डिच पर पथराव कर दिया। पथराव होते ही डिच चालक मशीनें वापिस लेकर निकल गए। इसी दौरान
लोगों ने उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने सड़क के बीचोंबीच टायरों को आग लगाकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस प्रशासन लोगों को समझाने में जुड़ा हुआ था और पूरा इलाका छावनी में तब्दील हो चुका था। उच्च न्यायालय के आदेशों और भारी पुलिस बल के बावजूद प्रशासन कब्जे गिराने में फेल साबित हुआ।
खबर लिखे जाने तक पुलिस बल व जिला प्रशासन के उच्चाधिकारी मौके पर मौजूद थे और कब्ज़े गिराने की रणनीति बना रहे थे।

