*👉🏻 रामामंडी और थाना 8 ने पकड़े चोर* *👉🏻 तीन दोपहिया वाहन व सोने के गहने बरामद*
जालंधर,18 जनवरी 2019-(भल्ला/बब्बू)- थाना रामामंडी और थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस ने अलग-अलग मामलों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले पांच आरोपियों को काबू कर उनके पास से चोरी किए गए तीन दो पहिया वाहन व सोने के गहने बरामद किए हैं। जानकारी देते हुए डीसीपी गुरमीत सिंह ने बताया कि एडीसीपी परमिंदर सिंह भंडाल की अगुवाई में थाना रामामंडी की पुलिस ने राजकुमार उर्फ काका पुत्र लक्ष्मण दास निवासी न्यू शिवाजी नगर लुधियाना, जोकि पहले दर्जी का काम करता था को गिरफ्तार कर उसके पास से तीन सोने की बालियां, एक जोड़ी टोपस और पांच सोने की अंगूठियां बरामद की है। इसी प्रकार रामामंडी थाना की पुलिस ने बलविंदर सिंह पुत्र हरदयाल सिंह के घर से सोने के गहने चोरी करने के आरोप में दीपक कुमार उर्फ दीपू पुत्र गुरदित्ता निवासी गांव बोलीना को काबू कर उसके पास से 1 जोड़ी सोने के कांटे, 1 जोड़ी सोने की बालियां और दो अंगूठियां बरामद की है। दीपक पर होशियारपुर, रामामंडी, आदमपुर, थाना बस्ती बावा खेल में पहले भी मामले दर्ज हैं। वहीं थाना डिवीजन नंबर आठ की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई कर रंजीत सिंह पुत्र गुरमुख सिंह निवासी कालिया कॉलोनी, सूरज कुमार पुत्र कैलाश सिंह निवासी अशोक विहार व प्रभजोत सिंह पुत्र सेवा सिंह निवासी रेरू पिंड जालंधर को काबू कर उनके पास से चोरी का एक डिस्कवर मोटरसाइकिल व दो एक्टिवा बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। उन्होंने थाना डिवीजन नंबर 8 के इलाके में से एक लैपटॉप और करयाने की दुकान से समान भी चुराया है। पुलिस ने सभी आरोपियों पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।


