*👉🏻 सीआईए-1 देहाती ने 720 पेटी शराब सहित एक और सीआईए-2 देहाती ने तीन चोर पकड़े*

जालंधर,7 फरवरी 2019-(प्रदीप भल्ला)-देहात पुलिस को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी जब सीआईए-1 देहाती ने एक ट्रक में 720 पेटी अवैध शराब के साथ एक व्यक्ति को काबू किया और सीआईए-2 देहाती ने चोर गिरोह के तीन सदस्यों को चोरी के सामान सहित काबू किया। एचईएन को जानकारी देते हुए एसपी बलकार सिंह व डीएसपी बलविंदर इक़बाल सिंह काहलों ने बताया कि डीएसपी हरिंदर सिंह गिल के दिशा-निर्देशों पर सीआईए-1 के एसआई सतपाल और थाना फिल्लौर के एसआई जतिंदर कुमार पुलिस पार्टी सहित सतलुज पुल पर मौजूद थे और गाड़ियों की चेकिंग कर रहे थे।
तभी पुलिस पार्टी ने एक ट्रक को रोका, जिसे बलवंत सिंह पुत्र गुरदेव सिंह निवासी गांव नत्थू चक्क थाना पट्टी जिला तरनतारन चला रहा था। तलाशी लेने पर ट्रक में से 720 पेटी अवैध शराब (सेल इन अरुणाचल प्रदेश) की बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी को काबू कर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा ताकि उससे पता चल सके कि वह शराब कहां से लेकर आया था और आगे किसे सप्लाई करने वाला था।
इसी प्रकार सीआईए स्टाफ-2 देहाती के इंचार्ज शिव कुमार की अगुवाई में एएसआई गुरविंदर सिंह ने पुलिस पार्टी सहित कंगनी वाल सुआ पुलिस थाना पतारा में नाकाबंदी दौरान चोर गिरोह के तीन सदस्यों को काबू किया है। उनके पास से तीन एलईडी, दो मोटरसाइकिल, एक गैस सिलेंडर व अन्य घरेलू सामान बरामद किया है, जो उन्होंने अलग-अलग जगहों से चुराया था। पुलिस ने आरोपियों पर थाना पतारा में मामला दर्ज कर पूछताछ की तो उन्होंने अपना नाम संजय कुमार पुत्र श्याम निवासी राजस्थान हाल निवासी काजी मंडी, राजकुमार पुत्र सुभाष चंद्र निवासी संतोषी नगर काजी मंडी और मनोज कुमार उर्फ ज्ञानी पुत्र राम जी निवासी काजी मंडी बताया। आरोपी मनोज पर पहले भी थाना 6 आउट थाना लांबड़ा में मामला दर्ज है। पुलिस आरोपियों से आगे पूछताछ कर रही है।
