*👉🏻 मामला सेहरा भाइयों पर कातिलाना हमले का* *👉🏻 आरोपी ने कबूला पुरानी रंजिश के तहत दिया वारदात को अंजाम-सीपी*
जालंधर,7 फरवरी 2019-(प्रदीप भल्ला/हरदीप सिंह बब्बू)- थाना नई बारादरी की पुलिस ने बीते दिनों नेहरू गार्डन रोड पर स्थित सेहरा फील्ड में बैठे भाइयों पर कातिलाना हमला करने वाले मुख्य दोषी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी बाजवा को गिरफ्तार कर लिया है। एचईएन को जानकारी देते हुए पुलिस
कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि वारदात के बाद से पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी थी। पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी बाजवा नूरमहल रोड पर है। इसी सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस पार्टी ने नूरमहल रोड, फिलौर, जिला जालंधर से आरोपी को काबू कर उसके पास से एक 7.65 बोर की पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी ने पूछताछ में माना है कि उसकी मृतक के साथ 2012
से रंजिश चल रही है। इसी रंजिश को लेकर उसने अपने साथियों सहित वारदात को अंजाम दिया था। बाकी आरोपियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि गोलीकांड में मारे गए दविंदर सिंह उर्फ रिंकू उर्फ बाबा के भाई कमलप्रीत सिंह उर्फ बब्बू के बयानों पर पुलिस ने 11 लोगों पर धारा 302,307,324,148,149,109,120-B और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। जिन में मुख्यारोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी बाजवा और उसकी सब-इंस्पेक्टर बहन सोनम बाजवा के इलावा जगराज सिंह उर्फ जग्गा चीमा पुत्र जसपाल सिंह निवासी राज नगर, गौरव ब्राह्मण पुत्र भोला पंडित निवासी राजा गार्डन, गुरबख्श सिंह पुत्र सेवा सिंह निवासी मकसूदां, गोल्डी निवासी भईया मंडी चौक, सुखमीत सिंह डिप्टी निवासी गोपाल नगर, प्रवीण कुमार चिद्दी निवासी नीला महल, नोनी शर्मा निवासी नजदीक डीएवी कॉलेज व दो अज्ञात लोग शामिल थे।
