पंजाब हैडलाइन ब्यूरो फरीदकोट से ISI के जासूस को गिरफ्तार किया गया है। पाकिस्तानी जासूस की पहचान मोगा के रहने वाले सुखविंदर सिंह सिद्धू के तौर पर हुई है। जासूस पर सेना से जुड़ी जानकारी पाकिस्तान को भेजने का आरोप है। खुफिया एजेंसी के अधिकारियों ने जासूस के पास से एक कार, दो पासपोर्ट और मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस ने दस्तावेज बरामद किए
खुफिया अधिकारियों के मुताबिक आरोपी फरीदकोट के न्यू कैंट इलाके में रहता था और उसके पास से गुप्त दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। हालांकि जांच अधिकारी जासूस के बारे में पूरी तहकीकात करने में जुटे हैं। जानकारी के मुताबिक जासूस पाकिस्तान के अधिकारियों से संपर्क में है। पकड़े गए आरोपी से खुफिया एजेंसी पूछताछ कर रही है।
कार में सवार होकर कैंट इलाके का चक्कर काट रहा था शख्स
गौरतलब है कि पंजाब पुलिस को सूचना मिली थी कि एक शख्स कार में सवार होकर न्यू कैंट इलाके में कई घंटों से चक्कर लगा रहा है। जिसके बाद पुलिस ने शख्स की गतिविधि पर ध्यान रखते हुए उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि शख्स सेना की गतिविधियों पर नजर रखे हुए था।


