मोदी सरकार 3.0 : रवनीत सिंह बिट्टू को मिला केंद्रीय राज्य मंत्री का पद

केंद्र में एनडीए की मोदी सरकार 3.0 का गठन हो गया है। लुधियाना से भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू को मोदी सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री का पद मिला है। लोकसभा चुनाव में हार के बावजूद रवनीत सिंह बिट्टू पर भाजपा आलाकमान ने भरोसा जताया है, इससे साफ है कि भाजपा के लिए पंजाब काफी महत्वपूर्ण है। बिट्टू पंजाब से ऐसे एकमात्र नेता हैं, जिनको मोदी कैबिनेट में जगह मिली है। वह पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते हैं।
बिट्टू तीन बार कांग्रेस के सांसद रहे हैं। पहली बार 2009 में वे श्री आनंदपुर साहिब से सांसद बने। इसके बाद वर्ष 2014 एवं 2019 में वे लुधियाना संसदीय सीट पर कांग्रेस के सांसद रहे, लेकिन एक बार भी उन्हें मंत्री पद नहीं मिला।
इस साल हुए लोकसभा चुनाव से पहले वे कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए और लुधियाना से चुनाव लड़े, लेकिन वे कांग्रेस के प्रदेश प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग से बीस हजार से अधिक वोट से हार गए।
पंजाब में भाजपा को एक भी सीट नहीं मिली और सभी 13 सीट पर भाजपा उम्मीदवार हार गए, तब लगा कि इस बार केंद्र में पंजाब को प्रतिनिधित्व नहीं मिलेगा, लेकिन भाजपा आलाकमान ने बिट्टू को मंत्री बना कर सीमावर्ती राज्य पंजाब का पूरा ध्यान रखा है। साथ ही 2027 के विधानसभा चुनाव को नजर में रखते हुए भाजपा ने जट सिख चेहरे पर दांव खेला है। वह पंजाब में खालिस्तानी विचारधारा के खिलाफ मुखर होकर बोलते रहे हैं।
मोदी सरकार ने तैयार किया है पंजाब का रोड मैप: बिट्टू
रवनीत सिंह बिट्टू का कहना है कि मोदी सरकार ने कैबिनेट में जगह देकर पूरे पंजाब को मान बख्शा है। पंजाब को तरक्की की राह पर ले जाने की जिम्मेदारी संभालने को वे पूरी तरह तैयार हैं। पीएम मोदी एवं अमित शाह ने सूबे के विकास का पूरा रोड मैप तैयार कर रखा है। अब उस पर काम करके सूबे को आगे ले जाना है। यहां के किसान, मजदूर, गरीब, उद्योग, व्यापार जगत की समस्याओं को केंद्र से हल कराने में वे पुल का काम करेंगे। बिट्टू ने कहा कि उनका लक्ष्य वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव हैं।
अमित शाह ने पूरा किया वादा
लोकसभा चुनाव के दौरान लुधियाना में प्रचार करने आए गृह मंत्री अमित शाह ने मंच से एलान किया था कि लुधियाना वालो आप रवनीत बिट्टू को जिताकर भेजो, उसे बड़ा आदमी मैं बनाऊंगा। हालांकि, बिट्टू लुधियाना से चुनाव नहीं जीत सके, लेकिन अब केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह देकर अमित शाह ने अपना वादा पूरा कर दिया है।
