*👉🏻 रबड़ फैक्ट्री में आग से लाखों का नुकसान*

जालंधर,3 अप्रैल-(प्रदीप भल्ला)-थाना 5 के अंतर्गत आती बस्ती शेख के मनजीत नगर में अर्जुन इंटरनेशनल नामक फैक्ट्री में रात 12:00 बजे आग लग गई। जिस कारण लाखों रुपए का नुकसान हो गया। जानकारी देते हुए फैक्ट्री मालिक राजकुमार खन्ना उर्फ राजू ने बताया कि उन्हें पड़ोसियों का फोन आया कि आपकी फैक्ट्री में आग लग गई है। वह तुरंत ही फैक्टरी पहुंचे तो देखा कि आग ने भयानक रूप ले लिया था। आग लगने की सूचना तुरंत ही दमकल विभाग को दी गई जिन्होंने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की 20 गाड़ियां लग गई जिन्होंने सुबह 4 बजे आग पर काबू पाया। फैक्ट्री में रबड़ चप्पल बनाने का काम किया जाता था। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग की सूचना मिलते ही थाना 5 की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। फैक्ट्री मालिक के अनुसार छुट्टी होने की वजह से फैक्ट्री में कोई भी कर्मचारी नहीं था जिस कारण जानी नुकसान होने से बच गया। लेकिन आग के कारण सारी बिल्डिंग को नुकसान पहुंचा है और जितना भी माल अंदर पड़ा था वह भी जलकर राख हो गया।


