*👉🏻 चूरापोस्त व शराब तस्करी के मामले में दो काबू*
जालंधर,15 जून-(प्रदीप भल्ला)- थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस ने अलग-अलग जगह पर नाकेबंदी दौरान चूरापोस्त व अवैध शराब के साथ दो व्यक्तियों को काबू किया है। थाना डिवीजन नंबर 8 के प्रभारी नवदीप सिंह ने बताया कि एएसआई संजीव कुमार ने गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस पार्टी सहित ट्रांसपोर्ट नगर में नाकाबंदी की हुई थी। तभी एक टाटा इंडिगो मांजा कार आती दिखाई दी। जिसे रुकने का इशारा किया, कार चालक ने पुलिस पार्टी को देख गाड़ी भगाने की कोशिश की। लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे काबू कर लिया और कार की तलाशी लेने पर उसमें से 10 किलो डोडे बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम वरुणजीत सिंह पुत्र जसपाल सिंह निवासी न्यू संतोखपुरा बताया। आरोपी पर मामला दर्ज कर आगे कार्रवाई शुरू कर दी है।
वही दूसरी तरफ एएसआई हरदयाल सिंह ने पुलिस पार्टी सहित पठानकोट चौक नजदीक कुंदन दा ढाबा स्लिप रोड पर नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान पीएपी चौक की तरफ से सिल्वर रंग की इंडिका कार आती दिखाई दी। जिसे रोककर तलाशी ली तो उसमें से 12 पेटी शराब अरुणाचल प्रदेश की बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुखविंदर सिंह उर्फ सुख पुत्र जसवंत सिंह निवासी अशोक विहार नजदीक सलेमपुर मुसलमाना बताया। आरोपी ने बताया कि वह सस्ते दाम पर शराब लाकर यहां पर महंगे दाम पर बेचता था। आरोपी पर थाना डिवीजन नंबर 1 में एटीएम द्वारा लोगों के पैसे निकलवा कर ठगी मारने का मामला भी दर्ज है। आरोपी पर मामला दर्ज कर आगे कार्रवाई शुरू कर दी है।


