*👉🏻 चिट्टे की ओवरडोज से मरे रिक्की उर्फ लाडी के रिश्तेदारों पर नशा तस्करों ने किया हमला*

जालंधर,12 जुलाई-(प्रदीप भल्ला)-बीते दिनों जालंधर कैंट के मोहल्ला नंबर 32 में नशे की ओवरडोज के कारण रिक्की उर्फ लाडी की मौत हो गई थी। लाडी के परिजनों ने लाडी की मौत के लिए नशा तस्करों को जिम्मेदार बताया था। मृतक के परिजनों ने पुलिस को बयान दिए थे कि साथ के मोहल्ले में रहने वाले नशा तस्करों ने लाडी को नशे पर लगाया था। जिस कारण उसकी मौत हो गई और आज भी उक्त लोग खुलेआम नशा तस्करी कर रहे हैं। जिसके बाद पुलिस ने इलाके में सख्ती कर दी थी। इसी बात की रंजिश रखते हुए देर रात नशा तस्करों ने मृतक लाडी के चाचा सोनू चौहान,विपन और अन्य रिश्तेदारों पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। घायल परिजनों को आस-पड़ोस के लोगों ने इलाज के लिए जालंधर के सिविल अस्पताल में दाखिल करवा दिया। जहां पर घायल सोनू चौहान और विपन ने बताया कि नशा तस्करी को खत्म करने के लिए इलाके में मुहिम चला रहे हैं। इसी बात की रंजिश के कारण नशा तस्करों ने उन पर तेजधार हथियारों से हमला कर घायल कर दिया। जिसकी शिकायत थाना कैंट में दे दी गई है। जब इस बारे में थाना कैंट के एएसआई भूपिंदर सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि घायलों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और जल्द ही आरोपियों को काबू कर दिया जाएगा।
