*👉🏻 मेला श्री सिद्ध बाबा सोढल, बरसात भी नहीं रोक पाई भक्तों के कदम* *👉🏻 ढोल नगाड़ों के साथ आ रहे श्रद्धालु*
जालंधर,23 सितम्बर-(प्रदीप भल्ला)-24 घँटों से भी ज्यादा समय से हो रही बरसात भी भक्तों के कदमों को रोक नहीं पाई। बरसात के बावजूद बाबा सोढल के दर्शनों के लिए लोग आ रहे हैं।श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र माना जाने वाला श्री सिद्ध बाबा सोढल का मेला आज बाबा जी के जयकारों के साथ शुरू हो गया। इस मेले में देश विदेश से श्रद्धालु आकर मन्नतें मांगते हैं और जिनकी मन्नत पूरी हो जाती है वह बाबा जी के दरबार में आकर माथा टेकते हैं। कल सुबह से हो रही बारिश के कारण दुकानदारों को काफी नुकसान हुआ है और साथ ही बारिश ने नगर निगम के खोखले दावों की पोल खोल कर रख दी है। बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया है। सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे भी पड़ गए हैं। इस सबके बावजूद भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ है। दूर-दूर से भक्त बाबा सोढल के दर्शनों के लिए पहुंच रहे हैं। मेले में बच्चों के लिए झूले,खिलौने आदि उपलब्ध है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा का भी पूरा इंतजाम जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन की तरफ से किया गया है। मंदिर कमेटी की तरफ से मंदिर में आने वाले बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए खास प्रबंध किए गए हैं। इसके साथ ही सेहत संबंधी मेडिकल टीमें भी तैनात की गई है। पुलिस प्रशासन ने मेले की सुरक्षा के लिए 2300 मुलाजिम तैनात किए हैं और सादे कपड़ों में भी पुलिस मुलाजिम मेले वाले स्थान के आस पास संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के लिए तैनात हैं। बरसात से बचने के लिए लोग अपने बच्चों को छाते या कपड़ों से ढक कर बाबा जी के दर्शनों के लिए आ रहे हैं और जो मन्नत मांगी थी वो पूरी होने पर दरबार में माथा टेक रहे हैं।


