अक्सर विवादों में रहने वाली शिवसेना नेत्री उषा माही व साथियों पर मामला दर्ज
जालंधर,1 अक्तूबर-(राजीव शर्मा)-थाना भार्गव कैम्प की पुलिस ने शिवसेना बाल ठाकरे की भवानी सेना की पंजाब प्रधान उषा माही पर कार छीनने और धमकियां देने का मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी बरजिंदर सिंह ने इस बात की पुष्टि की है और बताया है कि पीएपी में सीनियर असिस्टेंट के पद पर तैनात राजरानी निवासी टावर एंक्लेव ने शिकायत दी थी कि दो महीने पहले देर रात कुछ लोग उनके घर में आए और तोड़फोड़ कर उनकी ऑल्टो कार उठा ले गए। राजरानी ने शिकायत दी थी उनका उषा माही के साथ रुपयों का कुछ लेनदेन था जो खत्म हो चुका था। लेकिन फिर भी उषा माही ने अपने आदमी भेज उनके घर में तोड़फोड़ करवाई और उनकी आल्टो कार उठा ली। हमलावर जाते समय उन्हें उषा माही का नाम लेकर जान से मारने की धमकियां भी दे गए थे। जिसकी शिकायत थाना भार्गव कैंप की पुलिस को दे दी गई थी। दो महीने की जांच के बाद थाना भार्गव कैंप की पुलिस ने शिवसेना नेत्री उषा माही,जसवीर कौर व अन्य लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है। गौरलतब है कि उषा माही पहले भी अपनी महिला मित्र के साथ समलैंगिकता के मामले के कारण चर्चा में आ चुकी है।

