*👉🏻 ह्यूमन राइट्स प्रोटेक्शन फ्रंट के चेयरमैन शशि शर्मा पर हमला क्यों और किसने किया पढ़ें पूरी खबर*

जालंधर,27 नवंबर-(हैडलाइन एक्सप्रेस)- आज दोपहर बाद कुछ हमलावरों ने ह्यूमन राइट्स प्रोटेक्शन फ्रंट के चेयरमैन शशि शर्मा और उनके बेटे सन्नी पर बस स्टैंड नज़दीक स्थित उनके दफ्तर में घुस कर तेजधार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी गुरमीत सिंह, एडीसीपी डी.सुडरविली, एसीपी नवीन, थाना 6 के प्रभारी इंस्पेक्टर ओंकार सिंह बराड़ व सीआईए स्टाफ के प्रभारी अजय सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। जानकारी के मुताबिक सुबह दोनों पार्टियों में किसी ज़मीनी विवाद को लेकर बातचीत चल रही थी। इस बातचीत में एक पक्ष की तरफ से शशि शर्मा भी मौजूद थे। सामने वाली पार्टी के कुछ लोग जुबानी समझौता कर निकल गए। जिसके बाद शशि शर्मा अपने दफ्तर में अपने बेटे सन्नी और गनमैन के साथ थे। बताया जा रहा है कि दोपहर बाद एक व्यक्ति बस स्टैंड स्थित शशि शर्मा के दफ्तर में आया और आते ही उसने शशि शर्मा के सुरक्षाकर्मी को गन प्वाइंट पर ले लिया और बाहर से और साथियों को बुला लिया। जिन्होंने आते ही तेजधार हथियारों के साथ शशि शर्मा पर हमला कर दिया। अपने पिता पर हमला होता देख सन्नी ने उन्हें छुड़ाने की कोशिश की तो हमलावरों ने सन्नी पर भी ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावर पिता-पुत्र को मृत समझ वहां से फरार हो गए। जिसके बाद गनमैन ने मदद के लिए लोगों को बुलाया और शशि शर्मा व उनके बेटे सन्नी को उपचार के लिए निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। बताया जा रहा है कि हमला करने वालों में वह लोग भी शामिल थे जो सुबह समझौते की बात कर निकल गए थे। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच सीसीटीवी की फुटेज जांच रही है। शशि शर्मा व उनके बेटे पर हमला होने की सूचना मिलते ही उनके समर्थक व हिंदू संगठनों के लोग अस्पताल में एकत्रित होना शुरू हो गए।

