*👉🏻 वेस्ट क्षेत्र में अवैध लॉटरी कारोबार को संरक्षण देने वाला “एस” नाम का व्यक्ति कर रहा है मोटी कमाई* *👉🏻 एक लॉटरी स्टॉल वाला तो बिजली विभाग को भी लगा रहा है चूना* *👉🏻 पढ़ें पूरी खबर सिर्फ हैडलाइन एक्सप्रेस पर 👇🏻*
जालंधर, 20 जनवरी 2021-(एच.ई)-पिछले अंक में हैडलाइन एक्सप्रेस ने जालंधर वेस्ट क्षेत्र में चल रहे लॉटरी के अवैध कारोबार को लेकर एक खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। आज भी उसी मामले में पाठकों के लिए कुछ नया पेश किया जा रहा है। यह तो सभी लोगों को पता है कि कोई भी अवैध कारोबार राजनीतिक लोगों और पुलिस प्रशासन में शामिल काली भेड़ों की मिलीभगत के बगैर नहीं चल सकता। अवैध लाटरी कारोबार में भी इन्हीं लोगों की संलिप्तता है। वेस्ट क्षेत्र में अवैध लॉटरी कारोबार को संरक्षण देने वाला एक व्यक्ति ही पर्दे के सामने है जबकि पर्दे के पीछे मगरमच्छ बैठे हुए हैं। ऐसा इसलिए है कि अगर कोई बात होती है तो ठीकरा पर्दे के सामने वाले व्यक्ति पर फोड़ा जा सके और पर्दे के पीछे बैठे लोग पाक साफ ही रहे।
–पर्दे के सामने कौन है अवैध लॉटरी कारोबार को संरक्षण देने वाला–
जालंधर वेस्ट क्षेत्र में चल रहे लाटरी के अवैध कारोबार को (“एस”) नाम का व्यक्ति संरक्षण दे रहा है। यही व्यक्ति अवैध लॉटरी कारोबारियों से सामने आकर डीलिंग करता है और उनसे महीना या परसेंट के हिसाब से संरक्षण देने के नाम पर हिस्सा लेता है। इस व्यक्ति के पीछे बड़े-बड़े नाम है जो इस व्यक्ति को संरक्षण दे रहे हैं। इसी कारण पुलिस प्रशासन भी सब कुछ जानते हुए अनजान बनकर बैठा हुआ है, लेकिन करोड़ों के इस खेल में पंजाब सरकार को मोटा चूना लग रहा है।
–रोजाना सवा लाख रुपए से ज्यादा की कमाई कर रहा है संरक्षण देने वाला–
अवैध लॉटरी कारोबारियों को संरक्षण देने के एवज में (“एस”) नाम का व्यक्ति सवा लाख रुपए से ज्यादा की कमाई कर रहा है। यह कमाई महीने की नहीं बल्कि वेस्ट क्षेत्र में जितने भी अवैध लाटरी स्टाल है उनका हिस्सा मिलाकर रोजाना की बनती है। इसी कमाई के कारण उक्त व्यक्ति करोड़ों का मालिक बन चुका है। उक्त व्यक्ति कई लॉटरी वालों से 2 से ढाई परसेंट तक मुनाफे में हिस्सेदारी भी ले रहा है। जिस कारण यह व्यक्ति रोजाना सवा लाख रुपए से ऊपर कमा रहा है। इसी बात से हिसाब लगाया जाए तो पता चलता है कि पंजाब सरकार को करोड़ों रुपए का चूना सिर्फ वेस्ट क्षेत्र से ही लग रहा है, जबकि शहर के तीन अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी अवैध लॉटरी कारोबार चल रहा है। जिसका खुलासा अगले अंकों में किया जाएगा।
–बिजली विभाग को भी चूना लगा रहा है एक अवैध लाटरी स्टाल का मालिक–
बूटा मंडी क्षेत्र में बिजली घर के सामने सड़क पर बनी एक धार्मिक जगह के पीछे भी लॉटरी का अवैध स्टॉल चल रहा है। उक्त व्यक्ति तो बिजली विभाग को भी चूना लगा रहा है। उक्त अवैध लाटरी स्टाल का मालिक सूरज ढलते ही अवैध रूप से कुंडी के जरिए अपने स्टॉल में बिजली की सप्लाई चलाता है। कई सालों से यह व्यक्ति कुंडी के जरिए बिजली सप्लाई लेकर बिजली विभाग को भी चूना लगा रहा है। वहीं पीसीआर के कुछ कर्मचारी उक्त लॉटरी स्टॉल प्रबंधक से अपना हिस्सा लेकर चले जाते हैं। इससे पता चलता है कि पुलिस प्रशासन में शामिल कुछ काली भेड़ों के कारण ही अवैध कारोबार फल-फूल रहे हैं। वही देखना यह है कि बाकी विभागों के जैसे ही बिजली विभाग भी अपनी आंखें मूंद कर बैठा रहेगा या उक्त अवैध लाटरी स्टाल पर बिजली चोरी करने का मामला दर्ज करवाएगा।
