*👉🏻 सरकारी विभाग ही कर रहा बिजली की बर्बादी* *👉🏻 लगातार दो दिनों से जल रही स्ट्रीट लाइटें, इस लापरवाही का जिम्मेदार कौन* *👉🏻 पढ़ें पूरी खबर सिर्फ हैडलाइन एक्सप्रेस पर 👇🏻*
जालंधर, 2 जुलाई 2021-(प्रदीप भल्ला)- बिजली संकट के कारण पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सरकारी दफ्तरों के खुलने और बंद होने के समय में तब्दीली के अलावा और भी कई अहम निर्णय लिए हैं ताकि बिजली संकट से बचा जा सके। लेकिन जालंधर के कुछ विभाग ऐसे हैं जो लापरवाही के कारण बिजली बर्बाद करने पर तुले हुए हैं। कल हमने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों के बारे में खबर प्रकाशित की थी जिसमें बिजली बर्बादी के बारे में बताया गया था। वह खबर बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों तक भी पहुंची, लेकिन जिस विभाग के कारण बिजली बर्बाद हो रही थी वह नगर निगम के अंतर्गत आता है। क्योंकि शहर की स्ट्रीट लाइट का रखरखाव और उन्हें चालू या बंद करने का जिम्मा नगर निगम का है। शायद नगर निगम को बिजली बर्बाद होने से कोई फर्क नहीं पड़ता। इसीलिए तो आज भी पुरानी होशियारपुर रोड, हरदीप नगर वगैरा क्षेत्रों में सुबह से ही स्ट्रीट लाइटें जल रही हैं। जिस कारण बिजली की बर्बादी हो रही है।
–-क्या बिजली संकट रोकने की जिम्मेदारी सिर्फ नागरिकों की, सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी कौन तय करेगा–
वैसे तो पावर कॉम और मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि वह बिजली संकट को ज्यादा गहरा ना होने दें। उसके लिए अलग-अलग तरीके से बिजली बचाने के लिए भी कहा गया है, लेकिन दो रातें और 2 दिन से लगातार कुछ क्षेत्रों की स्ट्रीट लाइटें जल रही हैं और बिजली की बर्बादी हो रही है। क्या यह सरकार और प्रशासन को दिखाई नहीं देता ? क्या बिजली संकट को रोकने की जिम्मेदारी सिर्फ आम जनता की है ? क्या सरकारी अधिकारी और कर्मचारियों की लापरवाही पर नकेल कसना सरकार की जिम्मेदारी नहीं ? क्या बिजली की बर्बादी को रोकना सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं बनती ? अगर बनती है तो इनकी जिम्मेदारी कौन तय करेगा। 
—लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर हो कार्रवाई– पुरानी होशियारपुर रोड और हरदीप नगर में रहने वाले लखविंदर सिंह, सुरिंदर कौर, गुरविंदर सिंह, लाडी, मदन व पंकज ने कहा कि सरकार को चाहिए कि लापरवाही बरतने वाले उन कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए जिनकी वजह से बिजली की बर्बादी हो रही है। जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है और लोग बिजली संकट से जूझ रहे हैं।