*👉🏻 प्रवासी नेपाली संघ भारत ने कहा रियाज़पुरा ब्लास्ट के आरोपी का रद्द किया जाए पटाखा लाइसेंस*
जालंधर,31 अक्तूबर-(प्रदीप भल्ला)-प्रवासी नेपाली संघ भारत के पदाधिकारियों ने स्थानीय पंजाब प्रैस क्लब में पत्रकारवार्ता कर रियाज़पुरा ब्लास्ट के आरोपी गुरदीप सिंह के पिता का पटाखा लाइसेंस रद्द करने की मांग की है।इसी साल मार्च महीने में सेंट्रल टाउन के साथ सटे रियाजपुरा मोहल्ला में अवैध पटाखा फैक्ट्री में पटाखे बनाते समय ब्लास्ट हो गया था। जिसमें मजदूर राधिका और सुनील की मौत हो गई थी और दीपा व करण नाम के मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिसके बाद आरोपी गुरदीप सिंह पुत्र खजान सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। जो इस समय जमानत पर है। उस समय आरोपी पटाखा फैक्ट्री मालिक ने पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की बात की थी। लेकिन बेल होने के बाद आरोपी अपनी बात से मुकर गया और उल्टा पीड़ित परिवारों को जालंधर छोड़ कर जाने के लिए धमकियां देने लगा। आज प्रवासी नेपाली संघ भारत के प्रधान सूर्य थापा व अन्य पदाधिकारी पीड़ित परिवारों को इंसाफ दिलाने के लिए उनके पक्ष में खड़े हो गए और उन्होंने आरोप लगाया है कि पुलिस प्रशासन ने बिना जांच किए अवैध पटाखा फैक्ट्री के आरोपी मालिक गुरदीप सिंह के पिता खज़ान सिंह को पटाखा बेचने का लाइसेंस जारी कर दिया है, जो कि सरासर गलत है। संस्था के पदाधिकारियों ने पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर से मांग की है कि आरोपी के पिता को दिया गया पटाखा लाइसेंस रद्द किया जाए और आरोपी की जमानत भी रद्द की जाए व पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिलाया जाए। अगर प्रशासन उनका साथ नहीं देगा तो वह संघर्ष करने के लिए मजबूर होंगे। पत्रकार वार्ता दौरान बसंत घरती, गन बहादुर,यम थापा, शांता पोखरेल, सुनीता शर्मा, शांति व अन्य नेपाली संघ के सदस्य उपस्थित थे। पीड़ित परिवारों ने कहा कि केंद्रीय क्षेत्र के विधायक रजिंदर बेरी से भी मिले थे। लेकिन वह भी टालमटोल कर रहे हैं और आज तक उन्होंने किसी भी पीड़ित परिवार को इंसाफ नहीं दिलवाया है।