*👉🏻 नशीले कैप्सूल बेचने के आरोप मेंjal मेडिकल स्टोर का मालिक व नशीले कैप्सूलों सहित एक व्यक्ति काबू*
जालंधर,2 नवंबर-(राजीव शर्मा)- थाना डिवीजन नंबर पांच की पुलिस ने नशीले कैप्सूल बेचने के आरोप में मेडिकल स्टोर के मालिक व 1700 नशीले कैप्सूलों सहित एक व्यक्ति को काबू किया है। जानकारी देते हुए एसीपी वेस्ट सरबजीत राय ने बताया कि बीती रात एएसआई जगतार सिंह पुलिस पार्टी सहित काला संघिया रोड से टैगोर एनक्लेव बस्ती दानिशमंदा की तरफ जा रहे थे कि सामने से एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। जिसने हाथ में प्लास्टिक का लिफाफा पकड़ा हुआ था। पुलिस पार्टी को देख उक्त व्यक्ति घबरा गया और जल्दी में उसने हाथ में पकड़ा लिफाफा फेंक दिया। लिफाफे में से नीले रंग के कैप्सूल बाहर गिर पड़े। पुलिस पार्टी ने व्यक्ति को काबू कर लिफाफे में से 1700 नीले रंग के नशीले कैप्सूल बरामद कर लिए। पूछताछ दौरान पकड़े गए आरोपी पंकज पुत्र अशोक कुमार निवासी टैगोर एन्क्लेव ने बताया कि वह घास मंडी स्थित मेडिकल स्टोर के मालिक गुरप्रीत सिंह निवासी देओल नगर से नशीले कैप्सूल लेकर आता था। मेडिकल स्टोर का मालिक ही उसे नशीले कैप्सूल आगे बेचने के लिए देता था। पुलिस ने मेडिकल स्टोर के मालिक को भी काबू कर दोनों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

