लुटेरा गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार,एक की तलाश
जालंधर-. (ज्ञान सिंह) थाना डिवीजन नंबर 4 की पुलिस ने लूटपाट और छीना झपटी करने वाले चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है।आरोपियों के पास से नशीला पाउडर और दो बाइक भी बरामद हुए हैं।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तेज मोहन नगर निवासी हनी सहोता, करतार नगर निवासी रोहित, अवतार नगर निवासी शिव कुमार और वर्कशाप चौक कपूरथला रोड निवासी तरनजीत सिंह सग्गू के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से 360 ग्राम नशीला पाउडर और दो बाइक बरामद हुए हैं। थाना प्रभारी बलबीर सिंह ने बताया कि आरोपियों ने करीब 25 वारदातों को अंजाम दिया है। यह वारदातें उन्होंने अलग-अलग स्थानों में की है।
एसीपी सतिंदर चड्डा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से शिव कुमार, हनी सोता और तरनजीत सिंह पहले भी छीना झपटी और नशे के मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं। शिव कुमार और हनी सहोता थाना भार्गव कैंप के मामले में सजा भुगत रहे हैं। हनी सहोता जमानत आया हुआ था और शिवकुमार छुट्टी पर आया हुआ था। जेल से लौटने के बाद उन्होंने ग्रुप बनाकर वारदातें करना शुरु कर दिया था। चारों को रिमांड पर लेकर और मामले हल होने की संभावना है।
हवालात में ही गिरा एक आरोपी…
पत्रकार वार्ता के दौरान जब आरोपियों को मीडिया के सामने लाया जा रहा था तो शिवकुमार शैंकी हवालात में ही गिर पड़ा। उसे पुलिसकर्मियों ने दो बार उठाकर लाने का प्रयास किया लेकिन वह अपने पैरों पर खड़ा नहीं हो पा रहा था। थाना प्रभारी बलबीर सिंह ने बताया कि चारों आरोपी नशे के आदी हैं लेकिन शैंकी कुछ ज्यादा ही नशा लेता था। नशे की पूर्ति ना होने की वजह से वह गिर पड़ा।


