बीजेपी विधायक ने किया जमीन पर कब्ज़ा
पीडत परिवार ने दी आत्मदाह करने की धमकी
*उत्तर प्रदेश* शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र के मोहल्ला बगीचा के रहने वाले सबुर अब्दुल के पास चार डिसमिल जमीन है जिस पर तिलहर विधानसभा से बीजेपी विधायक रोशन लाल वर्मा ने कब्जा कर रखा है। पीड़ित सबुर अब्दुल की माने तो पांच दिन पहले विधायक रोशन लाल वर्मा के साथ उनके समर्थक उनकी जमीन पर आए। और जमीन पर लगे गेट का ताला तोड़ने लगे। इस दौरान जब सबुर ने विधायक से जमीन पर कब्जे को लेकर विरोध किया तो विधायक और उनके समर्थक मारपीट पर उतारू हो गए। सत्ता के नशे मे चूर विधायक पीड़ित परिवार को अब जान से मारने की धमकी दे रहे है।
विधायक से मिली जान से मारने की धमकी की शिकायत करने पीड़ित परिवार पुलिस थाने पहुंचा तो पुलिस ने उसे थाने से भगा दिया। आरोप है कि जब विधायक की शिकायत पीड़ित परिवार थाने में करने गया तो पहले से थाने मे एसओ रजी अहमद के पास बैठे विधायक के बेटे मनोज ने उसे एसओ के सामने जान से मारने की धमकी दी लेकिन एसओ ने कुछ नहीं कहा और उल्टा पीड़ित को थाने से भगा दिया। पीड़ित परिवार ने धमकी दी है कि अगर उन्हें न्याय नही मिला तो वह कलेक्ट्रेट मे आत्मदाह कर लेंगे।
पीड़ित परिवार के समर्थन में आज सैंकड़ों लोगों ने सड़क पर उतर विधायक के रवैये के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों ने काफी देर विधायक रोशन लाल वर्मा के खिलाफ नारेबाजी की। इस धरने प्रदर्शन के दौरान कई और भी ऐसे मामले सामने आए जिनकी जमीनों पर विधायक ने कब्जे कर रखे है। वहीं पीड़ित परिवार ने योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है और सीटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंप इस मामले में उचित कार्यवाही करने की मांग की।
बता दें कि यह पहली बार नहीं है कि विधायक रोशन लाल वर्मा पर गुंडागर्दी करने का आरोप लगा हो। विधायक रोशन लाल वर्मा पर आये दिन उनके क्षेत्र के लोग धरना प्रदर्शन करते रहते है लेकिन विधायक पर कार्यवाही नहीं होती है। अभी हाल ही में विधायक रोशन वर्मा के पैट्रोल पंप पर एसओ के सामने ही विधायक के बेटों ने एक युवक को पीटने के बाद उसको अपनी गाड़ी मे डाल ले गए थे और एसओ साहब देखते रहे गए थे।


